अध्यक्ष के नाम पर समर्थन मांगते तो और ज्यादा वोट कटते
सीएम ने कार्यकर्ताओं पर पुष्प वर्षा की, विपक्ष को निशाने पर लिया<
अशोक छाबड़ा, पानीपत/यमुनानगर।< मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि इन दिनों दूसरे लोग भाजपा में आ रहे हैं। इससे कार्यकर्ता थोड़ा घबरा रहे हैं। उनको घबराने की जरूरत नहीं है। उनका स्थान कोई नहीं ले सकता। अगर कोई दूसरे दल से आना चाहता है तो उसका स्वागत करें। उसका बैकग्राउंड अच्छा होना चाहिए। ताकि हमें कोई नुकसान न हो। बाकी मेरे पास बड़ी छलनी है। मैं उससे साफ कर दूंगा। मुख्यमंत्री यमुनानगर लघु सचिवालय में कार्यकर्ताओं के अभिनंदन समारोह में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मित्रों ने बताया कि अगर हम अपने अध्यक्ष के नाम पर वोट मांगते तो और ज्यादा नुकसान होता। वोट और ज्यादा कटते। सीएम ने प्रदेश की दस की दस सीट का जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं को दिया। इनका मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि मेरा पन्ना सबसे चौकन्ना। हमारे पास पन्ना प्रमुख है, कांग्रेस में राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति पर फैसला नहीं कर पा रहे हैं। कांग्रेस में परिवारवाद छलका है। वंशवाद की राजनीति हुई है। जेब का विकास किया गया है, इसलिए इतनी बुरी हालत हुई है। परिवारवाद की बात तो हम भी करते हैं, लेकिन हमारे परिवार में प्रदेश के ढाई करोड़ लोग हैं। कांग्रेस की तरह भाई भतीजे, चाचा-ताऊ तक सीमित नहीं है। सीएम ने कहा कि भाजपा में 33 लाख सदस्य हैं। इस बार इनको दो गुणा बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है। चुनाव तक 50 लाख सदस्य पार्टी के साथ जोडऩे हैं। उन्होंने मिस कॉल से सदस्य बनने के लिए फोन नंबर 8980808080 कार्यकर्ताओं को याद कराया। जब आप जनता के बीच जाओगो तो आपसे कहेंगे हमने भाजपा को वोट नहीं दिया। इसका आपको विरोध नहीं करना। हो सकता है कि इस बार वह भाजपा को वोट दें। तभी हम 75 का आंकड़ा पार कर पाएंगे।
इस्तीफे का ड्रामा कर रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष : सीएम मनोहर<
कैथल में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कांग्रेस पार्टी में चल रही उठा-पटक पर कहा कि हमने प्रदेश में 3 लाख पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति कर दी है, लेकिन कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष की नियुक्ति में ही उलझी हुई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस्तीफे का ड्रामा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे ड्रामों से पार्टी नहीं उठती, पार्टी लक्ष्य व विचारों से बढ़ती है। सीएम ने कहा कि राष्ट्रवाद बीजेपी का मूल विषय है, हमारे लिए देश सबसे पहले है, उसको बाद सबकुछ है, लेकिन विपक्ष को इस पर भी आपत्ति है। उन्होंने कहा कि पहले वाली पार्टियों ने बिचौलिये पाल रखे थे। हमने उन्हें घर बैठाने का काम किया है, उनका रोजगार छिन लिया है। ये लोग नौकरी के नाम पर, सी.एल.यू. के नाम, ट्रांसफर करवाने के नाम पर पैसे लेते थे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कुछ लोग हमारे पास पर्ची लेकर आए और बोले कि इन्हें नौकरी लगवा दो, हमने बोला कि हम किसी के साथ अन्याय नहीं करेंगे, मैरिट पर ही नौकरी दी जाएगी। सीएम ने कहा कि विपक्षी नेता भाजपा में तो आ जाते हैं, लेकिन भाजपा उनमें 2 साल बाद आती है, क्योंकि भाजपा के संस्कार अलग हैं और दूसरी पार्टियों से आने वाले नेताओं को यह संस्कार 2-3 साल बाद ही उनमें आ पाते हैं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त तक हमारा जनसंपर्क अभियान चलेगा और आचार संहिता लगने से पहले हमारी विजय संकल्प रैली होगी, जिसमें विधानसभा का चुनावी आगाज करेंगे।
जेजेपी नेता स्वाति यादव व रैपर फाजिलपुरिया ने थामा बीजेपी का दामन
अभी इनेलो के नेताओं का भाजपा में शामिल होने का सिलसिला थमा नहीं कि उधर जेजेपी की नेता स्वाति यादव व हरियाणवी रैपर व सिंगर फाजिलपुरिया ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। इनके साथ ही सेना के कई अधिकारियों ने भी बीजेपी ज्वाईन की है। इन सभी ने पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, हरियाणा बीजेपी प्रभारी अनिल जैन, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला व मधु आजाद और पटौदी से विधायक विमला चौधरी एवं नरबीर सिंह की मौजूदगी में भाजपा का सदस्यता ग्रहण की। गौरतलब है कि पूर्व जेजेपी नेता स्वाति यादव पिछले लोकसभा चुनावों में भिवानी सीट पर जेजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ी थी। हालांकि यहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। स्वाति के बीजेपी में शामिल होने की खबर सोशल मीडिया पर काफी दिनों पहले ही वायरल हो रही थी, लेकिन स्वाती के पिता सतबीर यादव ने इस बात को झूठा बताया था और कहा था कि स्वाति यादव की विचारधारा जेजेपी के साथ ही हैं। हालांकि अब तो स्वाति यादव ने भाजपा ज्वाइन कर ही ली। उधर, रैपर फाजिलपुरिया की बात करें तो उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘कपूर एंड संस के गाने ‘लड़की ब्यूटीफुल कर गई चुल… में रैप किया हुआ, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया। हालांकि हरियाणवी बोली के गानों में भी उनके कई रैप्स हैं, जो लोगों की पसंद बने हुए हैं।
मंत्री विज के विवादित बोल
विवादित बयानों से चर्चा में रहने वाले हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। विज ने राहुल के कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे दिए जाने पर कहा कि ये तो उनका फैमिली ड्रामा है। राजीव गांधी ने कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है। लेकिन उनके पुत्र राहुल ने इस्तीफा दिया तो एक कुत्ता भी नहीं भौंका। स्वास्थ्य मंत्री विज ने पिछले दिनों लोकसभा चुनाव के दौरान अमेठी में राहुल गांधी के सिर पर लेजर लाइट जैसी रोशनी पडऩे पर हुए विवाद के बीच भी टिप्पणी की थी। विज ने कहा था कि जो आदमी कैमरे की फ्लैश से डर गया वो देश की रक्षा क्या करेगा। एक तरफ नरेंद्र मोदी हैं, जो पाकिस्तान और चीन की सीमा पर जाकर दीवाली मनाते हैं। दूसरी तरफ ऐसा आदमी है, जो फ्लैश से घबरा जाता है। उसे तो मां के आंचल में छिप जाना चाहिए।