बसपा सभी विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव: प्रजापति

राजेंद्र कुमार, सिरसा। हरियाणा में बहुजन समाज पार्टी बसपा विधानसभा चुनावों में सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में बसपा की सरकार बनेगी। बसपा विधानसभा चुनाव में किसी भी अन्य दल से गठबंधन नहीं करेगी। सभी कार्यकर्ता अभी से विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं। उपरोक्त जानकारी आज यहां आयोजित कार्यकर्ता बैठक में बसपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नरेन्द्र प्रजापति ने दी। बैठक की अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट रविन्द्र बाल्याणने की। प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र प्रजापति ने पार्टी कार्यकर्ताओं की विधानसभा चुनावों को लेकर ड्यूटियां लगाई। प्रजापति ने कहा कि विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों का प्रचार करें और लोगों को पार्टी से जोड़ें। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में बसपा पूरे जोर शोर से चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनावों के मद्देनजर अभी से कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं और प्रदेशभर में मीटिंग कर ड्यूटियां लगाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाला समय बसपा का है। इस अवसर पर लीलूराम आसाखेड़ा, गुरदीप कंबोज, आशीष खनगवाल, प्रदीप कागदाना, राम भगत, डा. बंसीलाल, पुष्पेंद्र शास्त्री, धर्मपाल माखोसरानी, रेखा रानी, विक्रम इंदौरा, रवि पनिहारी व अन्य मौजूद थे।
देश राजनीति हरियाणा